अभिनेता ऋतिक रोशन इन दिनों अपनी नई फिल्म 'अग्निपथ' के प्रचार में बहुत व्यस्त हैं लेकिन साथ ही वह 'क्रिश 2' की शूटिंग के लिए खुद को फिट बनाने के लिए भी मेहनत कर रहे हैं। ऋतिक के पिता राकेश रोशन इस फिल्म का निर्माण करेंगे। अड़तीस साल के ऋतिक ने मंगलवार को कहा, "मुझे अपने शरीर को सही आकार में लाने की आवश्यकता है क्योंकि 29 जनवरी से लगातार एक के बाद एक 80 दिनों तक एक्शन दृश्य फिल्माए जाने हैं। इसलिए मुझे अब पहले से बेहतर आकार में होना है। आप सभी मेरे लिए व मेरे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें।"'क्रिश 2' 2006 में आई फिल्म 'क्रिश' की अगली कड़ी है। 'क्रिश' का निर्माण व निर्देशन राकेश रोशन ने किया था। कहो न प्यार है से अभिनय की शुरुआत करने वाले ऋतिक कहते हैं, "कहानी बहुत अच्छी है इसलिए मैं बहुत खुश हूं। पापा शुरुआती शूटिंग को लेकर बहुत खुश हैं क्योंक वह बहुत अच्छी रही। यह थोड़ा मुश्किल था लेकिन सब ठीक से हो गया।" ऋतिक अभिनीत 'अग्निपथ' 26 जनवरी को प्रदर्शित होगी। 'क्रिश 2' के 2012 के अंत में प्रदर्शित होने की उम्मीद है। इसमें ऋतिक के अलावा प्रियंका चोपड़ा, विवेक ओबेराय, कंगना रानाउत व रिया सेन अभिनय कर रहे हैं।

No comments:
Post a Comment