Sunday, 15 January 2012

उत्तर प्रदेश ;दूसरे चरण में 59 सीटों की अधिसूचना जारी


लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के दूसरे चरण में आगामी 11 फरवरी को 59 सीटों पर होने वाले चुनाव की अधिसूचना आज जारी कर दी गई। राज्यपाल बी एल जोशी के आदेश पर अधिसूचना जारी हुई। पहले यह तीसरा चरण था लेकिन निर्वाचन आयोग ने बारावफात के कारण चार फरवरी को पहले चरण के चुनाव को अंतिम सातवें चरण में आगामी तीन मार्च को कर दिया है।
दूसरे चरण के चुनावी क्षेत्रों में परिसीमन के बाद 19 नई सीटें सामने आई हैं जबकि 22 पुरानी सीटों का अस्तित्व खत्म हो गया है। दूसरे चरण में आजमगढ़, बस्ती, गोरखपुर और वाराणसी मंडल में चुनाव होगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने आज कहा कि दूसरे चरण के लिये प्रत्याशी 23 जनवरी तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने का काम आज से शुरू हो गया है।
नामांकन पत्रों की जांच 24 जनवरी को होगी और 27 जनवरी को नाम वापस लिए जाएंगे। तीसरे चरण में 56 सीटों पर चुनाव के लिये अधिसूचना 21 जनवरी को जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि चौथे चरण की अधिसूचना 25 जनवरी को जारी होगी और इसमें 56 सीटों पर चुनाव होगा। 
पांचवें चरण में 49 सीटों पर चुनाव की अधिसूचना 28 जनवरी को, छठे चरण में 28 फरवरी को 68 सीटों पर चुनाव की अधिसूचना दो फरवरी को और अंतिम सातवें चरण में तीन मार्च को साठ सीटों पर चुनाव की अधिसूचना छह फरवरी को जारी होगी।
दूसरे चरण में एक करोड़ 90 लाख मतदाता वोट डालेंगे। इसके लिए बीस हजार बीस मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मतदान के लिये 22 हजार 222 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
दूसरे चरण में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही, विधानसभा के अध्यक्ष सुखदेव राजभर (बीजेपी) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी (सपा) के वरिष्ठ नेता अंबिका चौधरी पी के राय पीस पार्टी के अध्यक्ष डॉक्टर अयूब और माफिया से राजनितिज्ञ बने मुख्तार अंसारी के भाग्य का फैसला होगा।
विधानसभा के लिए 2007 में हुए चुनाव में इन सीटों में बीएसपी ने 30, सपा ने 21, बीजेपी ने सात, कांग्रेस ने दो और निर्दलीय ने दो सीटें जीती थीं।
दूसरे चरण में मेंहदावल, खलीलाबाद, धनघटा (सु), फरेंदा, नौतनवा, सिसवा, महराजगंज (सु), पनियारा, कैंपियरगंज, पिपराइच, गोरखपुर सदर, गोरखपुर ग्रामीण, सहजनवां, खजनी, चौरीचौरा, बांसगांव (सु), खड्डा, पडरौना, तम्कुही रोड, फाजिलनगर, कुशीनगर, हाटा, रामकोला (सु), रुद्रपुर, देवरिया, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, भाटपाररानी, सलेमपुर (सु), बरहज, अतरौलिया, गोपालपुर, सगडी, मुबारकपुर, निजामाबाद, आजमगढ़, फूलपुर पवई, दीदारगंज (सु), मेहनगर (सु), घोसी, मुहमदाबाद, गोहना (सु), मऊ, बेलथरारोड (सु), रसडा, सिकन्दरपुर, फेफना, बलिया शहर, बांसडीह, बैरिया, जखनिया (सु), सैदपुर (सु), गाजीपुर, जंगीपुर, जहूराबाद, मोहमदाबाद और जमानियां सीट के लिये अधिसूचना जारी की गई।

No comments:

Post a Comment